
रांची: झारखंड में जारी छात्र आंदोलन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि पिछले 20 दिनों से राज्य सरकार छात्रों के साथ बर्बरतापूर्ण और अमानवीय व्यवहार कर रही है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों और मीडियाकर्मियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना बेहद निंदनीय है और कल का दिन झारखंड के इतिहास में एक ‘काला दिन’ साबित हुआ।
आदित्य साहू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह सिर्फ सोशल मीडिया पर ट्वीट कर औपचारिकता निभा रहे हैं और देश भर में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी फोन पर दबाव बनाना चाहते हैं। अगर उनमें थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उन्हें मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी यूपी जा सकते हैं लेकिन झारखंड नहीं आते, क्योंकि उन्हें ‘चर्च से नहीं, चर्चा से डर लगता है’। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य के मुख्यमंत्री खुद शिक्षा विभाग संभाल रहे हैं, फिर भी उनसे कभी इस्तीफा क्यों नहीं मांगा गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने आंदोलनकारी छात्रों पर लाठी बरसाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की घोषणा पर मुख्यमंत्री पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने पूछा कि लाठियां बरसाने वालों को किस बात का सम्मान दिया जा रहा है? इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से स्पष्ट करने को कहा कि वह किसे ‘परजीवी’ कह रहे हैं। कांग्रेस के सहारे सरकार चलाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठी और बंदूक के बल पर डरा नहीं सकते। उन्होंने दावा किया कि अब यह आंदोलन पूरे देश का आंदोलन बन चुका है और जनता के भरपूर सहयोग के साथ झारखंड बंद पूरी तरह सफल रहा है।

