
कोलकाता : बंगाल की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उन्हें पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। प्रोटोकॉल के तहत ममता बनर्जी को भी शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण भेजा गया था। शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य तरीके से आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मौजूद रहे। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई बड़े नेता समारोह में शामिल हुए। इसी समारोह में शुभेंदु अधिकारी के साथ-साथ कई नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निसिथ प्रामाणिक, खुदीराम टुडू और अशोक कीर्तनिया शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि 8 मई को अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे, जहां शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया था। उसी दौरान अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया था। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

