बेंगलुरु में उपयोग की समयसीमा समाप्त होने के करीब वाली सॉस और पेय पदार्थ जब्त

बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाकर एक्सपायरी के करीब पहुंच चुके करीब 70 किलो सॉस और 10 लीटर पेय पदार्थ जब्त किए हैं।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बेंगलुरु: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को बेंगलुरु में विशेष जांच अभियान के दौरान उपयोग की समय सीमा समाप्त होने के करीब पहुंच चुके लगभग 70 किलोग्राम सॉस और 10 लीटर पेय पदार्थ जब्त किया। ये खाद्य सामग्री रखने और बांटने वाली जगहों से मिली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री यू. टी. खादर के निर्देश पर चलाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियम 2011 के प्रावधानों के तहत बेंगलुरु शहरी जिले और बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में खाद्य कारोबार संचालकों की भंडारण एवं वितरण इकाइयों का निरीक्षण किया गया।

विभाग ने एक बयान में बताया कि इस अभियान के लिए नामित अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की 30 टीमों का गठन कर उन्हें तैनात किया गया था।

विभाग के मुताबिक, इन टीमों ने बेंगलुरु के विभिन्न हिस्सों में स्थित उन खाद्य भंडारण केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय होटलों तथा अन्य खानपान प्रतिष्ठानों को खाद्य सामग्री, मटन और मछली की आपूर्ति की जाती है।

विभाग ने बताया कि जांच के दौरान दो निजी कंपनियों द्वारा संचालित खाद्य भंडारण और वितरण केंद्रों की जांच की गई। यहां उपयोग की समय सीमा समाप्त होने के करीब पहुंच चुके करीब 70 किलोग्राम सोया सॉस और अन्य सॉस मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

इसके अलावा मांस के पांच और अन्य खाद्य पदार्थों के 13 नमूने जांच के लिए एकत्र कर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
विभाग ने बताया कि इसी तरह ‘स्ट्रॉबेरी फ्लेवर’ वाले पेय पदार्थों समेत उपयोग की समयसीमा समाप्त होने के करीब पहुंच चुके करीब 10 लीटर विभिन्न पेय पदार्थ भी जब्त किए गए।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।