
बेंगलुरु : उत्तरी बेंगलुरु के जक्कूर के पास बृहस्पतिवार सुबह एक खुले स्थान पर नेपाल की दो युवतियां एक ही पेड़ से लटकी हुई मिलीं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों युवतियों की मौत आत्महत्या का मामला है या यह कोई साजिश है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सृजना (22 वर्ष) और रीता (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल की रहने वाली थीं। दोनों युवतियों के शव एक खुले मैदान में एक ही साड़ी के दोनों छोरों से बंधे हुए लटके मिले। स्थानीय लोगों ने शवों को देखने के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए येलहंका के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

