बेंगलुरु: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बेंगलुरु और मुंबई के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों प्रमुख महानगरों के बीच रात्रिकालीन रेल संपर्क मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि 16 डिब्बों वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बेंगलुरु के सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एसएमवीटी) से रवाना हुई। यह ट्रेन सोमवार सुबह 6.15 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पहुंचने वाली है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और एच डी कुमारस्वामी, राज्य मंत्री वी सोमन्ना और शोभा करंदलाजे तथा सांसद तेजस्वी सूर्या, पी सी मोहन और सी एन मंजूनाथ सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
दक्षिण पश्चिम रेलवे ने बताया कि ट्रेन की नियमित सेवाएं मुंबई-बेंगलुरु दिशा में दो नवंबर से और वापसी की दिशा में तीन नवंबर से शुरू होंगी।



