यह हत्या भवानीपुर में ममता की हार का बदला है : चंद्रनाथ रथ की मां ने कहा

भवानीपुर चुनाव में शौकाकुल रथ की मां ने बेटे की हत्या को चुनावी बदला बताते हुए दोषियों के लिए उम्रकैद की मांग की और न्याय की अपील की।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता: विधानसभा चुनाव परिणाम आने के महज 48 घंटे बाद अपने बेटे की मौत से स्तब्ध चंद्रनाथ रथ की मां ने बृहस्पतिवार को दोषियों को उम्रकैद की सजा देने की मांग की और दावा किया कि यह हत्या भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ममता बनर्जी की हार का बदला है। अधिकारी के कार्यकारी सहायक रथ की बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोककर नजदीक से गोली चलाई और फिर फरार हो गए।

रथ की मां ने टीवी चैनलों से कहा, ‘‘एक मां होने के नाते मैं किसी के लिए मौत की सजा नहीं मांग सकती। लेकिन मैं दोषियों के लिए उम्रकैद की मांग करूंगी।’’ शोकाकुल मां ने दावा किया कि यह हत्या ‘‘भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार का बदला’’ है। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि जब शुभेंदु अधिकारी शांतिपूर्ण मतदान की अपील कर रहे थे, तब तृणमूल सार्वजनिक रूप से कह रही थी कि चार मई के नतीजों के बाद ‘‘दिल्ली का कोई नेता भाजपा कार्यकर्ताओं को नहीं बचा पाएगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (तृणमूल नेताओं ने) अपनी बात सच साबित कर दी।’’ उन्होंने कहा कि उनके बेटे को नंदीग्राम और भवानीपुर चुनावों की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रथ की मां ने स्थानीय टीवी चैनलों से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘अगर उसकी मौत किसी दुर्घटना में होती तो मुझे इतना दुख नहीं होता। उसे नंदीग्राम और भवानीपुर चुनावों की जिम्मेदारी दी गयी थी और इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया।’’

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।