मुख्यमंत्री विजय ने प्रचार के दौरान टीवीके उम्मीदवार के खिलाफ टिप्पणी के लिए स्टालिन की निंदा की

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने धारापुरम उपचुनाव में टीवीके उम्मीदवार पी. सत्यबामा पर स्टालिन की कथित टिप्पणियों की निंदा की। टीवीके ने निर्वाचन आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोयंबटूर (तमिलनाडु) : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने धारापुरम विधानसभा उपचुनाव में टीवीके उम्मीदवार पी. सत्यबामा के खिलाफ द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन की कथित अपमानजनक टिप्पणियों की शनिवार को निंदा करते हुए उनकी शारीरिक बनावट को लेकर अनुचित बातें कहने का आरोप लगाया। विजय ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को धारापुरम में पूर्व मुख्यमंत्री के प्रचार अभियान में ‘‘महिलाओं के प्रति द्वेष और व्यक्तिगत दुर्व्यवहार’’ देखने को मिला। उन्होंने कहा कि धारापुरम के मतदाता छह अक्टूबर को मतदान के दौरान इसका उचित जवाब देंगे।

द्रमुक की प्रचार सभा में स्टालिन ने टीवीके उम्मीदवार सत्यबामा की आलोचना की थी। सत्यबामा पहले अन्नाद्रमुक में थीं और बाद में सत्तारूढ़ दल में शामिल हो गयीं। स्टालिन ने आरोप लगाया कि उन्होंने पैसे के लिए पाला बदला है। विजय ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा, ‘‘धारापुरम में चुनाव प्रचार की आड़ में ‘दुष्ट शक्ति’ द्रमुक ने अपने नेता एम. के. स्टालिन के नेतृत्व में पूरी तरह असभ्य सभा आयोजित की है।’’ टीवीके प्रमुख ने आरोप लगाया कि स्टालिन ने ‘‘हमारी पार्टी की उम्मीदवार बहन पी. सत्यबामा की शारीरिक बनावट को लेकर टिप्पणी करने और बेहद अनुचित बातें कहने में आनंद लिया।’’ इससे पहले दिन में, तमिलनाडु के मंत्री आर. निर्मल कुमार ने आरोप लगाया कि धारापुरम विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान द्रमुक नेताओं ने महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिससे पार्टी नेतृत्व का ‘‘असली चरित्र’’ उजागर हो गया है।

राज्य के ऊर्जा एवं कानून मंत्री ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र में हाल में प्रचार के दौरान द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन और उनके बेटे एवं विपक्ष के नेता उदयनिधि द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा से उनकी दूरदृष्टि के अभाव का पता चलता है। कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘द्रमुक नेतृत्व पूरी तरह हताशा की स्थिति में है, क्योंकि उसके पास मतदाताओं को देने के लिए कुछ भी सकारात्मक नहीं है। अनुचित और अपमानजनक भाषा का सहारा लेना उनकी आखिरी और हताशा भरी रणनीति है।’’
मंत्री ने दावा किया कि द्रमुक का राजनीतिक प्रभाव घट रहा है और उपचुनाव में पार्टी की हार तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्टालिन और उदयनिधि ने मतदाताओं का ध्यान आकर्षित करने के प्रयास में अपना संयम खो दिया और एक महिला उम्मीदवार समेत अन्य लोगों के खिलाफ अपमानजनक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।