रांची: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय में हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सुचारू, पारदर्शी और आम जनता के लिए सुलभ बनाना था।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसहयोग और आम नागरिकों की सुविधा के लिए अविलंब हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय स्तर पर बीएलओ और पर्यवेक्षक आपस में बेहतर तालमेल बनाकर लोगों की हर संभव मदद करें, ताकि पूरी प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
उपायुक्त ने कड़े शब्दों में कहा कि कोई भी पात्र मतदाता किसी भी परिस्थिति में मतदाता सूची में दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इस कार्य में पूरी पारदर्शिता और तत्परता बरतने की हिदायत दी। इस समीक्षा बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रांची बिवेक कुमार सुमन समेत जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


