बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ऑटो चालकों का प्रवेश रोके जाने से आक्रोश, 29 को अथॉरिटी को सौंपेंगे ज्ञापन

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ऑटो चालकों के प्रवेश पर रोक से नाराज चालक 29 जुलाई को एयरपोर्ट अथॉरिटी को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग करेंगे।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पिछले 30 वर्षों से ऑटो चला रहे चालकों को पार्किंग परिसर में प्रवेश न दिए जाने से उनमें गहरा रोष है। इस समस्या को लेकर मंगलवार 28 जुलाई को एयरपोर्ट मैदान में ऑटो चालक और मालिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने की।
इस दौरान चालकों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि लगभग 40 से 50 ऑटो चालक दशकों से एयरपोर्ट पार्किंग से परिचालन कर यात्रियों को सेवाएं दे रहे हैं और आज तक चालकों की वजह से किसी भी यात्री को कोई परेशानी नहीं हुई है। चालकों का आरोप है कि एयरपोर्ट के सुरक्षा गार्ड अब उन्हें पार्किंग में दाखिल नहीं होने दे रहे हैं, जबकि गैर-व्यावसायिक (व्हाइट नंबर प्लेट) निजी वाहनों को अवैध रूप से सवारी ढोने के लिए पार्किंग में रुकने दिया जा रहा है। चालकों ने चिंता जताई कि यदि उन्हें यहां से ऑटो चलाने से रोका गया तो उनके परिवार का जीविकोपार्जन और बच्चों की पढ़ाई ठप हो जाएगी।
समस्या के समाधान के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बुधवार 29 जुलाई को सुबह 10 बजे संघ का एक प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरपोर्ट डायरेक्टर से मुलाकात कर लिखित आवेदन सौंपेगा और इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने की मांग करेगा। बैठक की जानकारी महासंघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष भोला सिंह ने दी। मौके पर सलाहकार मंत्री अमर मुंडा, महेश सिंह के अलावा लोकमनी कुमार, संजीव कुमार, पुलस कुमार, शंकर राय, नेवल यादव, अजय कुमार, विजय कुमार यादव, किशोर कुमार, धनी लाल यादव, मनोज नापल, सुरेश राय, राचो राय, संजय कुमार, मंजे, पप्पू, गुड्डू कुमार, अवधेश राय, इंद्रजीत राय, राहुल समेत अन्य उपस्थित थे।

Share This Article