
आईआईटी खड़गपुर के डीन (फैकल्टी अफेयर्स) प्रो. सोमेश कुमार होंगे मुख्य अतिथि
मेसरा : बीआईटी मेसरा 6 से 10 जुलाई तक ‘इमर्जिंग ट्रेंड्स इन स्टैटिस्टिकल एंड मशीन लर्निंग’ (ETSML 2026) पर एक अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला की मेजबानी करने जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक कम्प्यूटेशनल और सांख्यिकीय तकनीकों का व्यापक विश्लेषण करना है। यह कार्यशाला सैद्धांतिक सांख्यिकीय आधारों और आधुनिक मशीन लर्निंग दृष्टिकोणों के बीच के अंतर को पाटने का काम करेगी। जिससे प्रतिभागियों को वैचारिक समझ और व्यावहारिक कौशल दोनों विकसित करने में मदद मिलेगी।
ETSML की चेयरपर्सन प्रो. वंदना भट्टाचार्जी के अनुसार, इस कार्यक्रम का आयोजन ‘क्वांटिटेटिव इकोनॉमिक्स एंड डेटा साइंस’ विभाग द्वारा किया जा रहा है। यह कार्यशाला गणित, सांख्यिकी और डेटा साइंस के क्षेत्र में नवाचार (इन्नोवेशन) को बढ़ावा देने की संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस कार्यक्रम में प्रो. प्रदीप्त माजी, प्रो. माइकल इवांस, डॉ. अरिंदम चटर्जी, डॉ. दुर्बा भट्टाचार्य, डॉ. सुमन गुहा, डॉ. अपराजिता खान, डॉ. बुद्धानंद बनर्जी, डॉ. नबाकुमार जाना और डॉ. सुभजीत दत्ता जैसे आमंत्रित वक्ता अत्याधुनिक कम्प्यूटेशनल तकनीकों और उनके वास्तविक दुनिया में अनुप्रयोगों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
डॉ. मनीष के पांडे, डॉ. पुष्कल कुमार, डॉ. अश्कामिनी और डॉ. सुमन महापात्र ने बताया कि कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना के नेतृत्व में आयोजित हो रही इस कार्यशाला में आईआईटी खड़गपुर के डीन (फैकल्टी अफेयर्स) प्रो. सोमेश कुमार मुख्य अतिथि होंगे।
‘अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन’ (ANRF) और बीआईटी मेसरा द्वारा समर्थित यह कार्यशाला न केवल एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल है, बल्कि झारखंड में गणित, सांख्यिकी और डेटा साइंस में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक बेहतरीन मंच भी प्रदान करती है।

