

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच भाजपा ने राज्य सरकार से कई मांगें की हैं। भाजपा झारखंड प्रदेश की ओर से मुख्य सचिव को पत्र भेजकर परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने और आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग की गई है।





पत्र में कहा गया है कि JPSC/JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर हुई कथित धांधली के विरोध में झारखंड के छात्रों ने करीब एक महीने तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन किया। इस दौरान और उसके बाद छात्रों की आवाज दबाने के लिए राज्य के विभिन्न थानों में FIR दर्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है। भाजपा ने सरकार से मांग की है कि छात्र आंदोलन के दौरान और उसके बाद छात्रों पर विभिन्न थानों में दर्ज सभी FIR अविलंब रद्द किए जाएं। साथ ही JPSC/JSSC की परीक्षाओं में हुई कथित धांधली को स्वीकार करते हुए रद्द या स्थगित की गई सभी परीक्षाओं की CBI जांच की अनुशंसा करने की मांग की गई है।
पत्र में आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद अब तक समान रूप से दोषी आयोग के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी की मांग की गई है। इसके अलावा जिन पदाधिकारियों के अधीन कनिष्ठ कर्मचारियों पर धांधली के आरोप में कार्रवाई या गिरफ्तारी हुई है, उनके खिलाफ भी जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार युवाओं के हित में इन मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
