

रांची: रांची रेल मंडल यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए सदैव तत्पर है। अपनी बुनियादी सुविधाओं को और बढ़ाने एवं उनके बेहतर रखरखाव के लिए हमेशा प्रयासरत है। रांची रेल मंडल ना केवल अपनी बुनियादी सुविधाओं में निरंतर वृद्धि कर रहा है, बल्कि उसका और बेहतर रखरखाव भी कर रहा है। परिणाम स्वरूप रांची रेलवे स्टेशन को यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ स्टेशन के मानकों पर खरा पाया गया। हाल ही में दक्षिण पूर्व रेलवे कोलकाता में संपन्न हुए दक्षता शील्ड वितरण समारोह 2026 के अंतर्गत महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे अनिल कुमार जैन ने दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों एवं मंडल रेल प्रबन्धक करुणा निधि सिंह की मौजूदगी में रांची रेल मंडल के रांची स्टेशन को बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबन्धक विनोद कुमार को प्रदान किया।





रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्रेया सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन एवं मंडल परिचालन प्रबन्धक बीएन शर्मा की उपस्थिति में रांची स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक सतीश कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक बिपिन कुमार एवं मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक महेंद्र सिंह को रांची स्टेशन के अच्छे रख रखाव एवं साफ सफाई के प्रति उनके योगदान की सराहना की। साथ ही रांची स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड रांची स्टेशन पर प्रदर्शन के लिए प्रदान किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रांची रेलवे स्टेशन के स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, प्रतीक्षालय, पार्किंग एवं परिसंचरण क्षेत्र आदि की निरंतर साफ-सफाई और बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने में स्टेशन प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग, वाणिज्य विभाग तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों ने सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
