नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि निर्वाचन आयोग से संबंधित याचिकाओं पर उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोग और केंद्र को नोटिस जारी किया जाना इस बात का ‘सबूत’ है कि देश में सभी संस्थाएं ‘स्वतंत्र रूप से काम कर रही हैं’ और ‘डर तथा तानाशाही’ का माहौल नहीं है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘देश बहुत लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ रहा है। हर कोई अपने मन की बात कह रहा है। सभी प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं का पालन किया जा रहा है। इससे बेहतर लोकतंत्र का मॉडल और क्या हो सकता है? मुझे लगता है कि भारत लोकतंत्र का उत्सव मना रहा है।’’


