
बोकारो : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में धनबाद एसीबी की टीम ने बोकारो में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) अयूब अंसारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बोकारो के नया मोड़ इलाके में की गई, जिसके बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, अयूब अंसारी एक आपराधिक मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (IO) थे। आरोप है कि उन्होंने केस डायरी को कमजोर करने और आरोपी पक्ष को फायदा पहुंचाने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसके बाद उसने पूरे मामले की जानकारी धनबाद एसीबी को दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसपी स्तर के अधिकारी की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
जैसे ही पैसे लिए, टीम ने दबोच लिया
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर नया मोड़ पहुंचा। जैसे ही उसने केमिकल लगे नोट एएसआई अयूब अंसारी को दिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी अधिकारी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
हाथ धुलवाते ही गुलाबी हुआ पानी
एसीबी की जांच प्रक्रिया के तहत जब आरोपी एएसआई के हाथ धुलवाए गए तो पानी का रंग गुलाबी हो गया। इससे साफ हो गया कि उन्होंने रिश्वत के नोटों को छुआ था। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।

