अस्पताल पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार, नागेश्वर सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचा है।
सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस ने अस्पताल परिसर में घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता में गिरफ्तारी की पुष्टि की।
हत्या से पहले रेकी और साजिश में शामिल होने का आरोप
डीएसपी ने बताया कि नागेश्वर सिंह (पिता लक्ष्मण सिंह), निवासी चेताटांड़, महुआटांड़ को हरला थाना कांड संख्या 78/24 में नामजद आरोपी बनाया गया था।
उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के अनुसंधान में उसकी भूमिका घटना से पहले रेकी करने और साजिश में सक्रिय रूप से शामिल रहने के रूप में सामने आई है। उसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
शंकर रवानी हत्याकांड में अब तक 22 लोगों के नाम आए सामने
इस हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को अब तक कुल 22 लोगों के नाम की जानकारी मिली है। डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के स्वीकारोक्ति बयानों और अनुसंधान के आधार पर इन लोगों की भूमिका सामने आई है।
इनमें से 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस उनके खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र भी दाखिल कर चुकी है।
मुख्य शूटर सिपु कुमार अब भी फरार
पुलिस के मुताबिक, शंकर रवानी हत्याकांड का मुख्य शूटर सिपु कुमार, निवासी मोकामा (बिहार), अब भी फरार है।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
वहीं, मामले में जमानत पर बाहर चल रहे आरोपी राजू दुबे की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) लगाने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की गई है।


