
Bokaro News : झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बिहार STF और खुफिया विभाग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने मौके से हथियार बनाने के उपकरण, अर्धनिर्मित पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर स्थित एक CCL क्वार्टर में चोरी-छिपे अवैध हथियार बनाने का कारोबार चल रहा था। सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस ने विशेष टीम गठित कर देर रात छापेमारी की। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, इस पूरे गिरोह का कथित मास्टरमाइंड राजकुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कमरे के अंदर हथियार बनाने की पूरी मशीनरी लगी हुई थी। छापेमारी के दौरान अर्धनिर्मित पिस्टल, हथियार बनाने के उपकरण और 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यहां तैयार किए गए हथियार अपराधियों तक सप्लाई किए जाते थे और नेटवर्क कई जिलों तक फैला हो सकता है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को इस गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग हैरान हैं कि रिहायशी इलाके के बीच इतने दिनों से अवैध हथियार बनाने का कारोबार चल रहा था और किसी को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

