CCL में नौकरी दिलाने के नाम पर 33 लाख की ठगी, मास्टरमाइंड देवाशीष मिश्रा गिरफ्तार

रांची में CCL, MECON और NTPC में नौकरी दिलाने के नाम पर 33 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, मास्टरमाइंड देवाशीष मिश्रा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

CCL Job Fraud : राजधानी रांची में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। कांके थाना पुलिस ने CCL, MECON और NTPC जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 33 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में देवाशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह नामी कंपनियों के फर्जी ईमेल आईडी बनाकर नौकरी की “100 प्रतिशत गारंटी” देता और बेरोजगार युवाओं से मोटी रकम वसूलता था। आरोपी सीधे अपने खाते में पैसे नहीं मंगवाता था, बल्कि कथित तौर पर अपने बेटे, पत्नी और बहन के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराता था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बच सके।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी के पूरे परिवार को भी नामजद किया है। प्राथमिकी में उसके बेटे प्रियांशु मिश्रा, पत्नी ज्योति मिश्रा और बहन वंदना मिश्रा के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।

शिकायतकर्ता सुदर्शन चौबे की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में देवाशीष मिश्रा ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया और बताया कि कैसे वह फर्जी मेल भेजकर लोगों को नौकरी का झांसा देता था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी हो सकती है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।