
Palamu News : पलामू जिले की लेस्लीगंज थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ यौन शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय हेदायतुल्लाह अंसारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तरहसी का रहने वाला है और वर्तमान में सतबरवा क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और चार बच्चों का पिता है। इस खुलासे के बाद विवाद बढ़ गया।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता द्वारा संबंध खत्म करने की कोशिश के बावजूद आरोपी 11 मई की शाम उसके गांव काड़ादोहर पहुंच गया। इस दौरान ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर उसकी पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के बीच से सुरक्षित निकालकर थाने ले आई। पीड़िता के बयान के आधार पर 12 मई को मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

