
Sonia Gandhi Health : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को बुधवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, उन्हें कुछ जरूरी जांच और एक छोटी सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस वर्ष जनवरी से अब तक यह तीसरी बार है जब 79 वर्षीय राज्यसभा सांसद को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है।
सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी को बुधवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण चल रहा है। हालांकि, अस्पताल या पार्टी की ओर से उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इससे पहले मार्च महीने में भी सोनिया गांधी को तेज बुखार की शिकायत के बाद नई दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान उन्हें एक प्रकार का संक्रमण पाया गया था, जिसका इलाज एंटीबायोटिक्स के जरिए किया गया था।
बताया जाता है कि सोनिया गांधी को पुरानी खांसी की समस्या भी है और वह समय-समय पर नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल जाती रही हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण जारी है।

