
Drug Trafficking : गुमला पुलिस ने शहर के मुरली बगीचा तालाब इलाके में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से 21.72 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किया गया। हालांकि मौके से दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुम्हार ढलान निवासी 23 वर्षीय नंदलाल साहू उर्फ डब्लू के रूप में हुई है। मामले में गुमला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपियों में मेन रोड निवासी ऋषभ और कलिगा निवासी कुंदन का नाम सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे गुमला थाना प्रभारी विनय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरली बगीचा तालाब के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति के साथ छापेमारी टीम का गठन किया गया।
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, अंचल अधिकारी हरिश कुमार, पुअनि कुंदन चौधरी और सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
मामले की जांच की जिम्मेदारी पुअनि अखिलेश कुमार ठाकुर को सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

