घर से पांच लाख से अधिक नकदी बरामद
एसीबी की टीम ने दुमका के कार्यपालक दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान धीरन माल के घर से 5 लाख 8 हजार 560 रुपये नकद मिले। इसके अलावा 1,000 रुपये के 24 पुराने विमुद्रीकृत नोट भी बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है।
4 हजार वर्गफीट जमीन पर बना है दो मंजिला मकान
जांच के दौरान एसीबी को धीरन माल की संपत्ति से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिलीं। एजेंसी के अनुसार, उनके पास करीब 4,000 वर्गफीट जमीन है, जिस पर पक्का दो मंजिला मकान बना हुआ है। बरामद नकदी और मकान समेत अन्य सामान का अनुमानित मूल्य 90 लाख 53 हजार 440 रुपये आंका गया है। एसीबी ने बरामद नकदी को बेहिसाब धन की श्रेणी में रखा है।
करोड़ों की अन्य संपत्तियों की भी जांच
धीरन माल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एसीबी ने 2 नवंबर 2026 को दुमका थाना में कांड संख्या 07/2026 दर्ज किया था। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उन्हें आरोपी बनाया गया है।
एसीबी की जांच में धीरन माल के नाम पर कथित तौर पर अवैध तरीके से अर्जित करोड़ों रुपये की अन्य अचल संपत्तियों की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल जांच एजेंसी इन संपत्तियों के स्रोत और उनसे जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।


