
रांची: बोकारो की 18 साल की युवती की गुमशुदगी से जुड़े मामले में झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के रिश्तेदार के साथ बोकारो पुलिस द्वारा की गई कथित बेरहमी की पिटाई पर भी चर्चा हुई। कोर्ट के आदेश पर राज्य के डीजीपी वर्चुअल माध्यम से पेश हुए। उन्होंने बताया कि इस मारपीट मामले की जांच के लिए एक वन मैन कमेटी बनाई गई है और रिपोर्ट सौंपने के लिए कोर्ट से समय मांगा गया है। साथ ही डीजीपी ने यह भी जानकारी दी कि पिंडराजोड़ा थाना प्रभारी को हटा दिया गया है।
हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता के चाचा ससुर की पिटाई से जुड़ी कमेटी की रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में पेश की जाए। इसके अलावा कोर्ट ने लापता युवती की तलाश में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 15 अप्रैल को तय की गई है। कोर्ट ने सरकारी अधिवक्ता को यह भी कहा कि घायल चाचा ससुर का इलाज दीपा टोली सेना अस्पताल में कराया जाए, ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में कोर्ट को बताया गया था कि याचिकाकर्ता के रिश्तेदार को पिंडराजोड़ा थाना बुलाकर बेरहमी से पीटा गया था। इस घटना में उनके माथे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। फिलहाल पीड़ित रांची के एक निजी क्लीनिक में भर्ती हैं। कोर्ट ने पहले ही इस मामले में डीजीपी से रिपोर्ट मांगी थी और उन्हें 9 अप्रैल को सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। अब इस मामले में अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

