बुंडू नगर निकाय चुनाव, अंतिम दिन थमा प्रचार, एनडीए समर्थित राजेश उरांव का शक्ति प्रदर्शन

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बुंडू : नगर निकाय चुनाव के अंतिम दिन शनिवार को चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार थम गया। निर्धारित समय समाप्त होने से पूर्व सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने स्तर पर दमखम दिखाया। इसी क्रम में एनडीए समर्थित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राजेश उरांव ने बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में भव्य पदयात्रा निकालकर अपनी ताकत का एहसास कराया। पदयात्रा में पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष विनय कुमार महतो सहित हजारों की संख्या में समर्थक शामिल हुए। इस दौरान नगर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर प्रबुद्धजनों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं वृद्धजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

इस पदयात्रा के दौरान राजेश उरांव ने दावा किया कि उन्हें भारी मतों से विजय प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में मिले ढाई वर्षों में उन्होंने बुंडू नगर पंचायत का नाम दिल्ली तक पहुंचाने का काम किया। हालांकि, शेष ढाई वर्ष कोरोना महामारी के कारण विकास कार्य प्रभावित रहे, जिससे कई योजनाएं पूरी नहीं हो सकीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बुंडू बड़ा तालाब के सौंदर्यकरण का कार्य उनके कार्यकाल में नहीं हुआ। जिस समय यह कार्य किया गया, उस समय उनका कार्यकाल समाप्त हो चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि तालाब सौंदर्यकरण में अनियमितता हुई है। राजेश उरांव ने कहा कि यदि वे पुनः जीतकर आते हैं तो सबसे पहले बड़ा तालाब सौंदर्यकरण से जुड़ी फाइल निकलवाएंगे और यदि किसी प्रकार की भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।

अंत में उन्होंने कहा कि आप सभी का स्नेह, विश्वास और समर्थन मेरे लिए सबसे बड़ी ताकत है। बुंडू के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका आशीर्वाद मुझे निरंतर ऊर्जा देता है। अब चुनाव प्रचार थमने के बाद सभी की नजरें मतदाताओं के फैसले पर टिकी हैं।

Share This Article