
चाईबासा: चाईबासा के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का बड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी दौरान गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए एक और आईईडी विस्फोट कर दिया। इस धमाके में कोबरा बटालियन-210 के जवान अभिनव कुमार मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को तुरंत एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है।
यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र की है, जहां बुधवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच लगातार मुठभेड़ चल रही है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह से बालिबा और आसपास के इलाकों में दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। बुधवार को हुई मुठभेड़ में भी पांच जवान घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया था। आईईडी ब्लास्ट के बाद इलाके में तनाव और सतर्कता और बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, इस अभियान में सुरक्षाबलों को कुछ अहम सफलता भी मिली है और कई नक्सलियों के हताहत होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सुरक्षाबल इस पूरे अभियान को निर्णायक ऑपरेशन के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों की संख्या पहले की तुलना में काफी कम हो गई है। उनकी गतिविधियां अब मुख्य रूप से छोटानागरा थाना क्षेत्र तक सीमित रह गई हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि यह अभियान जल्द ही बड़ी सफलता दिला सकता है और सारंडा को नक्सल गतिविधियों से पूरी तरह मुक्त किया जा सकता है।

