पूर्वी सिंहभूम : चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय परिसर में लाखों रुपये की लागत से खरीदी गई नई सफाई गाड़ियां लंबे समय से उपयोग के बिना खड़ी हैं। खुले में खड़े रहने के कारण धूप और बारिश से इनके टायर, बैटरी समेत अन्य हिस्सों के खराब होने की आशंका है। इन गाड़ियों की स्थिति को देखते हुए वार्ड संख्या-6 के पार्षद मलय रुहिदास ने नगर पंचायत प्रशासक को आवेदन देकर इन वाहनों को तत्काल सफाई कार्य में लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक ओर कई वार्डों में कचरा उठाव और सफाई के लिए वाहनों की कमी है, वहीं दूसरी ओर सरकारी राशि से खरीदी गई गाड़ियां कार्यालय परिसर में बेकार पड़ी हैं। पार्षद ने वाहनों की स्थिति की तत्काल जांच कराने, जरूरत पड़ने पर मरम्मत कराने और उन्हें सफाई व्यवस्था में उपयोग करने की मांग की है। साथ ही लंबे समय से वाहनों को उपयोग में नहीं लाने के मामले में जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई है।



