चतरा विधायक के पुत्र समेत आठ लोगों पर मारपीट का मामला दर्ज

नयासराय विश्वविद्यालय के पास छात्र से मारपीट, गला दबाने और अपहरण की कोशिश के आरोप में चतरा विधायक के पुत्र समेत आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: नयासरराय स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के पास हुई मारपीट की घटना में चतरा विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरभ कुमार समेत आठ लोगों के खिलाफ विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह मामला विश्वविद्यालय के बीबीए सेकंड ईयर के छात्र लक्की राज के साथ हुई मारपीट, हत्या की धमकी देने और अपहरण के प्रयास से जुड़ा हुआ है।

दर्ज प्राथमिकी में सौरभ कुमार के अलावा बासु दुबे, हर्षवर्धन तिवारी, प्रतीक सिंह और चार अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। लक्की राज की मां प्रियंका सिंह द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार सात सितंबर की दोपहर करीब दो बजे जब उनका बेटा क्लास खत्म करके बाहर निकला तो विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास सौरभ अपने साथियों के साथ शराब की बोतल और बेल्ट लेकर खड़ा था। आरोप है कि बिना किसी कारण बासु ने गाली-गलौज शुरू की और जब लक्की ने इसका विरोध किया, तो सौरभ ने उसका कॉलर पकड़कर मारपीट की तथा उसे जमीन पर पटककर पीटा।

इस दौरान सौरभ पर जान से मारने की नीयत से गला दबाने का भी आरोप है। शोर सुनकर जब अन्य छात्र मौके पर पहुंचे तो सौरभ ने फोन करके बाहरी लोगों को पिस्टल लेकर बुलाने का प्रयास किया। इसके बाद अन्य छात्रों की मदद से पीड़ित को बचाकर गाड़ी में बैठाया गया और विधानसभा थाना ले जाया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस स्टेशन ले जाने के क्रम में भी सौरभ ने फोन करके परिजनों को लक्की के अपहरण की बात कहकर डराने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सौरभ को पकड़कर थाने ले आई।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।