ऑनलाइन खतियान में जाति सुधार की मांग को लेकर सीएम से मिले विधायक विकास कुमार मुंडा

बुंडू अंचल के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति सुधार की मांग को लेकर तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • बुंडू अंचल के 18 गांवों के खतियान में ‘मुंडा’ की जगह दर्ज है ‘स्वांसी’, जाति प्रमाण पत्र से लेकर जमीन संबंधी कार्यों में हो रही परेशानी

रांची: बुंडू अंचल के ऑनलाइन खतियान में जाति के गलत अंकन को सुधारने की मांग को लेकर मुंडा समाज ने पहल तेज कर दी है. तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा के नेतृत्व में समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया और मांग पत्र सौंपा.

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में लिपिकीय एवं तकनीकी त्रुटि के कारण जाति के कॉलम में ‘मुंडा’ की जगह ‘स्वांसी’ दर्ज हो गया है. इस त्रुटि के कारण संबंधित गांवों के रैयतों और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी एवं राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से छात्र-छात्राएं परेशान

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ऑनलाइन खतियान में जाति का गलत अंकन होने से ग्रामीणों के जाति प्रमाण पत्र बनाने में बाधा उत्पन्न हो रही है. इसका सीधा असर छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है. प्रमाण पत्र के अभाव में विद्यार्थियों को नामांकन, छात्रवृत्ति तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, जमीन के दाखिल-खारिज सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में भी परेशानी हो रही है.

राजस्व अभिलेखों में सुधार की मांग

विधायक विकास कुमार मुंडा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित राजस्व अभिलेखों की जांच कराई जाए और ऑनलाइन खतियान में दर्ज गलत जाति को सुधारते हुए ‘स्वांसी’ के स्थान पर ‘मुंडा’ अंकित किया जाए. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस त्रुटि का जल्द निराकरण होने से प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिलेगी और उनके जरूरी सरकारी एवं जमीन संबंधी कार्य सुचारू रूप से हो सकेंगे.

मुख्यमंत्री ने दिया आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मामले के नियमानुसार निराकरण के लिए आवश्यक प्रशासनिक पहल करने का आश्वासन दिया. अब प्रभावित ग्रामीणों को उम्मीद है कि राजस्व अभिलेखों में सुधार की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ेगी और लंबे समय से हो रही परेशानियों से उन्हें राहत मिलेगी.

प्रतिनिधिमंडल में ये थे शामिल

इस प्रतिनिधिमंडल में विधायक विकास कुमार मुंडा के साथ रमेश सिंह मुंडा, कलेश्वर मुंडा, बिरसा मुंडा, विश्वनाथ पहान, लखीराम मुंडा, डीम्बा मुंडा, जगमोहन मुंडा, बाजी राम मुंडा, ग्राम प्रधान इन्द्रजीत मुंडा और बुधु लाल मुंडा सहित अन्य लोग शामिल थे.

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।