Hafed को सऊदी अरब से 5,000 मीट्रिक टन चावल निर्यात का आर्डर मिला

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़: हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति और विपणन संघ लिमिटेड (हैफेड) को सऊदी अरब के एक प्रमुख आयातक मैसर्स सालेह ए बाबकर संस कंपनी, रियाद से 5,000 मीट्रिक टन सेला बासमती चावल का एक निर्यात आपूर्ति आर्डर मिला है।

इस संबंध में हैफेड के प्रवक्ता ने बताया कि हैफेड अध्यक्ष कैलाश भगत, प्रबंध निदेशक ए श्रीनिवास और सीजीएम आरपी साहनी सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने दिसंबर, 2021 में चावल के संभावित खरीदारों से मिलने के लिए दुबई का दौरा किया जिस उपरांत यह आपूर्ति आदेश प्राप्त हुआ है।

प्रवक्ता ने बताया कि हैफेड हरियाणा सरकार का एक शीर्ष सहकारी संघ है। हैफेड राज्य के किसानों की घरेलू और विदेशी बाजार में बिक्री के लिए उनकी उपज का मूल्यवर्धन करके उनकी उपज की खरीद, प्रसंस्करण करके उनकी सेवा करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

इस संघ ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान 16,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया।

उन्होंने बताया कि नवंबर, 2021 के महीने के दौरान बासमती चावल और अन्य चावल की किस्मों के बाजार मूल्य में अचानक गिरावट आई है।

हैफेड द्वारा राज्य के किसान के हितों की रक्षा करने एवं बाजार को स्थिर करने के लिए राज्य की विभिन्न मंडियों से लगभग 20,000 मीट्रिक टन धान की खरीद के लिए निर्णय लिया गया।

गौरतलब है कि हैफेड ने अप्रैल, 2021 के दौरान 5 करोड़ रूपये (682000 अमरीकी डालर) के भारतीय लंबे चावल, 1121 बासमती सेला और बासमती सेला सहित दुबई, (यूएई) सहित विभिन्न किस्मों के 870 मीट्रिक टन चावल के निर्यात आदेशों को सफलतापूर्वक निष्पादित किया है।

Share This Article