
Yogendra Yadav Jharkhand : झारखंड की राजनीति में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया, जब झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं चतरा लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी योगेन्द्र यादव ने औपचारिक रूप से भारतीय राष्ट्रीय कॉंग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया।
रांची में आयोजित सदस्यता समारोह में झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी डॉ सिरिवेला प्रसाद, वरिष्ठ नेता भूपेंद्र मरावी तथा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ लिया निर्णय

सदस्यता ग्रहण करने के बाद योगेंद्र यादव ने इसे केवल राजनीतिक निर्णय मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह कदम उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकारों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आज़ादी में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है और आज भी संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
यादव ने कहा, “यह मेरे लिए केवल मात्र पार्टी का हिस्सा होना भर नहीं है, बल्कि एक नई जिम्मेदारी और संघर्ष का संकल्प है। मैं समाज के कमजोर, वंचित और हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ को और अधिक मजबूती से उठाने के लिए कांग्रेस के मंच से काम करूंगा।”
ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख

अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस की विरासत को याद करते हुए महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं के योगदान को रेखांकित किया।.उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत किया, जिसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।
चतरा क्षेत्र में कांग्रेस को मिल सकती है मजबूती
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि योगेंद्र यादव के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को खासकर चतरा लोकसभा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में मजबूती मिल सकती है। सामाजिक न्याय, ग्रामीण मुद्दों और जमीनी आंदोलनों से जुड़े उनके अनुभव का लाभ कांग्रेस को संगठन विस्तार और जनाधार बढ़ाने में मिल सकता है।
आगामी रणनीति पर टिकी नजरें
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पार्टी संगठन में उन्हें कौन-सी जिम्मेदारी दी जाएगी, लेकिन यह संकेत मिल रहे हैं कि उन्हें संगठनात्मक और जनसंपर्क से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जा सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि आगामी चुनावों में उनकी भूमिका अहम हो सकती है, खासकर चतरा संसदीय क्षेत्र में जहां कांग्रेस अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

