
हजारीबाग : हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में एनएच-19 स्थित दनुवा घाटी में मंगलवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तीन ट्रेलर और एक ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहनों की भिड़ंत काफी जोरदार थी। हादसे के दौरान एक वाहन का चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया। वह लगभग तीन घंटे तक वहीं फंसा रहा। काफी प्रयास और मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही चौपारण थाना पुलिस और चौरदाहा चेक पोस्ट की टीम मौके पर पहुंची। एनएचएआई की एम्बुलेंस, 1033 आपातकालीन सेवा की टीम तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौपारण पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
डॉक्टरों ने दो गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया। हादसे के कारण एनएच-19 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क पर आवाजाही सामान्य कराई। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

