नामकुम : खिजरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का सदस्यता अभियान लगातार जारी है. शनिवार को भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता श्री किसुन कुमार राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष साथियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर खिजरी विधायक राजेश कच्छप की धर्मपत्नी एवं प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव श्रीमती रिया तिर्की ने महिला साथियों को माला पहनाकर कांग्रेस परिवार में उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। विधायक राजेश कच्छप ने कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खिजरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का कारवां लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि विधायक के रूप में उनका प्रयास क्षेत्र के हर वर्ग के लोगों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना और उनकी समस्याओं एवं आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एवं मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनहित के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। विधायक ने कहा कि एक दिन पहले जहां युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, वहीं अब बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष साथियों के कांग्रेस से जुड़ने से संगठन को मजबूती मिली है. उन्होंने सभी नए सदस्यों का कांग्रेस परिवार में स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।



