
रांची: झारखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व विधायक दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सीएम आज उनके स्मारक स्थल पहुंचे और माल्यार्पण कर नमन किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी, झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय और सुप्रियो भट्टाचार्य भी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड आंदोलन के महान योद्धा, समाजसेवी और क्रांतिकारी दुर्गा सोरेन को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन का जीवन संघर्ष और समर्पण की मिसाल रहा है। सीएम ने आगे कहा कि वे हमेशा गरीबों, वंचितों, आदिवासियों और शोषित वर्ग की आवाज बने रहे। झारखंड राज्य के निर्माण में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। हेमंत सोरेन ने यह भी कहा कि दुर्गा सोरेन की विचारधारा और उनके सिद्धांत आज भी सभी के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।

