CM हेमंत सोरेन स्पेन दौरे पर बार्सिलोना पहुंचे, निवेश बढ़ाने के लिए उद्यमियों से करेंगे मुलाकात

News Post
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hemant Soren reaches Barcelona : झारखंड में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विदेश दौरे पर गए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार, 19 अप्रैल 2025 को स्पेन के बार्सिलोना पहुंचे। यहां उनका स्वागत कार्यवाहक काउंसलेट जनरल ने किया।

काउंसलेट जनरल ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीएम सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधिमंडल भारतीय प्रवासी उद्यमियों और स्पेनिश गणमान्य व्यक्तियों के साथ मुलाकात करेगा।

X पोस्ट के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य झारखंड में निवेश और सहयोग के नए अवसर तलाशना है। प्रतिनिधिमंडल कई प्रमुख संस्थानों के साथ बातचीत करेगा, जिसमें विश्व प्रसिद्ध बार्सिलोना फुटबॉल क्लब भी शामिल है। यह दौरा झारखंड के औद्योगिक और सांस्कृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सीएम हेमंत सोरेन का यह विदेश दौरा, जो स्वीडन और स्पेन तक फैला है, झारखंड में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए है।

बार्सिलोना में उनकी टीम स्पेन के उद्योगपतियों और प्रवासी भारतीय कारोबारियों से मुलाकात करेगी ताकि राज्य में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाया जा सके। इसके अलावा, बार्सिलोना फुटबॉल क्लब के साथ बातचीत खेल और युवा विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर हो सकती है।

विवादों में भी रहा यह दौरा

यह दौरा पहले से ही सियासी विवादों में घिरा हुआ है। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस दौरे पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने उद्योग मंत्री को प्रतिनिधिमंडल में शामिल न करने और सीएम की पत्नी व विधायक कल्पना सोरेन की मौजूदगी पर आपत्ति जताई है। बीजेपी ने इसे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करार दिया, जबकि सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने इन आरोपों को “जलनखोरी” बताकर खारिज किया।

Share This Article