

नई दिल्ली : कांग्रेस नेतृत्व बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजनीति और संगठन के अगले चरण की तैयारी को लेकर बड़ा मंथन करने जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित 9ए, कोटला मार्ग के इंदिरा भवन में हाई लेवल बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी राष्ट्रीय महासचिव, राज्यों के प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक सुबह साढ़े 11 बजे शुरू होगी। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी मौजूद रहने की संभावना है। हरियाणा से इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के अलावा कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला व उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा भी भाग लेंगी। बैठक का सबसे अहम एजेंडा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव माने जा रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुडुचेरी जैसे राज्यों के राजनीतिक हालात और संभावनाओं पर चर्चा करेगा।





