नयी दिल्ली : 28 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज होने जा रहा है। जहां एक तरफ क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के समर्थकों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है।

आईपीएल शुरू होने से पहले सीएसके के आधिकारिक बयान में बताया गया है कि महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के चलते उन्हें आराम की सलाह दी गई है, जिसके कारण वे टूर्नामेंट के शुरुआती दो हफ्तों में टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।

इस स्थिति में धोनी कम से कम तीन मैचों से बाहर रह सकते हैं, जो सीएसके के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की रणनीति पर भी असर पड़ना तय है। ऐसे में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन को सौंपी जा सकती है।
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग के पहले 20 मैच 28 मार्च से 12 अप्रैल के बीच आयोजित होंगे, जबकि बाकी मुकाबले 13 अप्रैल से 24 मई तक देश के विभिन्न शहरों में खेले जाएंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि धोनी की अनुपस्थिति में सीएसके शुरुआती मैचों में कैसा प्रदर्शन करती है और टीम इस चुनौती से कैसे उबरती है।


