पिठोरिया : पिठोरिया के पिरुटोला की रहने वाली सारा अल्तमश का चयन नेशनल स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की अंडर-17 बालिका झारखंड राज्य क्रिकेट टीम में हुआ है। सारा के चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। वह अभी जम्मू कश्मीर के कटारा में आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। सारा रांची स्पोर्ट्स एकेडमी, बरियातू रोड में कोच अनीसुर रहमान के मार्गदर्शन में क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रही हैं। सारा मध्यम गति की गेंदबाज है। लगातार अपने खेल में बेहतर प्रदर्शन कर रही है। सारा कांके स्थित साई इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा हैं। उनके पिता मुस्ताक अहमद चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हैं। ग्रामीण इलाकों में क्लिनिक के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हैं। उनकी माता तरन्नुम निशा गृहिणी हैं।

परिजनों के अनुसार, सारा को बचपन से ही क्रिकेट के प्रति विशेष रुचि रही है। पढ़ाई के साथ-साथ वह नियमित रूप से क्रिकेट का अभ्यास करती हैं। उनके इस चयन और शानदार प्रदर्शन से परिवार, विद्यालय तथा पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। लोगों ने सारा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परिवार को उम्मीद है कि सारा आने वाले दिनों में अपने खेल के दम पर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी झारखंड की अंडर 17 टीम में सारा का चयन हुआ था।



