भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने मयूरभंज जिले में स्थित मदनसाही-कंजिया सोना खनन ब्लॉक को वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान नीलामी के लिए रखने का फैसला किया है। इस्पात और खान मंत्री विभूति भूषण जेना ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। जेना ने बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक अश्विनी पात्रा के एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि ओडिशा के क्योंझर, देवगढ़ और मयूरभंज जिलों में सोने के भंडार मिले हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य के खान निदेशालय के साथ मिलकर किए गए एक सर्वेक्षण के दौरान भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) को क्योंझर जिले के गोपुर-जलादिही, देवगढ़ जिले के अदाश-रामपाली और मयूरभंज जिले के मदनसाही-कंजिया इलाकों में स्वर्ण युक्त पत्थर मिले हैं। मंत्री ने कहा, ‘‘सरकार ने 2026-27 वित्तीय वर्ष के दौरान मयूरभंज जिले में मदनसाही-कंजिया खनिज ब्लॉक की नीलामी करने का सैद्धांतिक निर्णय लिया है और इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान सोने के अलावा कई अन्य धातुओं के भंडार भी मिले हैं। देवगढ़ जिले के अदाश-रामपाली क्षेत्र में सोने के साथ-साथ तांबा, ग्रेफाइट, चांदी और निकल, जबकि मयूरभंज जिले के मदनसाही-कंजिया क्षेत्र में तांबा और स्वर्ण युक्त खनिजों की मौजूदगी का पता चला है।



