
बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण अपनी निजी जिंदगी के साथ-साथ प्रोफेशनल कमिटमेंट को लेकर भी चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेत्री अपने पति रणवीर सिंह के साथ दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाली हैं। बताया जा रहा है कि दीपिका फिलहाल प्रेग्नेंसी के आठवें महीने में हैं।
‘राका’ की शूटिंग में जुटी हैं एक्ट्रेस
दीपिका इन दिनों अल्लू अर्जुन के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘राका’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के जन्म से पहले वह फिल्म में अपने हिस्से की शूटिंग पूरी करने पर ध्यान दे रही हैं। प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि दीपिका जल्द डिलीवरी की तारीख के बावजूद सेट पर लगातार काम कर रही हैं।
जरूरत पड़ने पर देर रात तक कर रहीं काम
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दीपिका शूटिंग पूरी करने के लिए देर रात तक भी सेट पर मौजूद रहती हैं। फिल्म की टीम अभिनेत्री के समर्पण और प्रोफेशनल कमिटमेंट से काफी प्रभावित बताई जा रही है। इससे पहले भी खबरें आई थीं कि उन्होंने सातवें महीने की प्रेग्नेंसी के दौरान लगभग रोजाना फिल्म की शूटिंग की थी।
फिल्म में नजर आएंगे अल्लू अर्जुन
अटली के निर्देशन में बन रही ‘राका’ एक बड़े बजट की पैन-इंडियन एक्शन-थ्रिलर बताई जा रही है। फिल्म में फैंटेसी और साइंस-फिक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा। कहानी में पुनर्जन्म और ब्रह्मांड से जुड़े तत्वों को शामिल किए जाने की बात कही जा रही है। फिल्म का निर्माण Sun Pictures कर रहा है।
इन अभिनेत्रियों के नाम भी चर्चा में
‘राका’ को लेकर रश्मिका मंदाना, जाह्नवी कपूर और मृणाल ठाकुर के नाम भी अहम भूमिकाओं के लिए चर्चा में हैं। IMDb के अनुसार, फिल्म की कहानी एक ऐसे दिव्य योद्धा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अराजकता से खतरे में पड़े ब्रह्मांड में संतुलन बहाल करने के लिए संघर्ष करता है।
शाहरुख खान के साथ ‘किंग’ में भी आएंगी नजर
दीपिका के पास ‘राका’ के अलावा सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ‘किंग’ भी है, जिसमें वह शाहरुख खान के साथ नजर आएंगी। फिल्म के 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की योजना बताई गई है।

