नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से ठगी, फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी का भंडाफोड़

दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर में फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी का भंडाफोड़ कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से हजारों रुपये की ठगी की गई।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार युवाओं को झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में चल रही एक फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी पर छापेमारी कर पुलिस ने पांच महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह नौकरी दिलाने के नाम पर उम्मीदवारों से रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्क वसूलता था, लेकिन न नौकरी देता था और न ही पैसे लौटाता था।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ऑनलाइन जॉब पोर्टल पर आकर्षक नौकरियों के विज्ञापन डालता था। आवेदन करने वाले लोगों से खुद को एचआर कर्मचारी बताकर संपर्क किया जाता और इंटरव्यू के लिए एजेंसी के दफ्तर बुलाया जाता था। वहां उम्मीदवारों से रजिस्ट्रेशन, बैंक खाता खोलने और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर तीन से पांच हजार रुपये तक जमा कराए जाते थे। उन्हें भरोसा दिया जाता था कि नौकरी जॉइन करने के बाद पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।

इस ठगी का खुलासा करोल बाग निवासी एक युवक की शिकायत के बाद हुआ। युवक ने बताया कि उसने ऑनलाइन नौकरी के लिए आवेदन किया था। इसके बाद उसे इंटरव्यू के लिए उत्तम नगर स्थित कार्यालय बुलाया गया, जहां उससे 4,800 रुपये जमा कराए गए। पैसे लेने के बाद न तो उसे नौकरी मिली और कुछ दिनों बाद आरोपियों का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और बैंक खाते की जानकारी के आधार पर पुलिस उत्तम नगर के जीवन पार्क स्थित कथित प्लेसमेंट एजेंसी तक पहुंची और वहां छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कथित सरगना प्रीति मल्होत्रा, दिव्या, ललिता उर्फ पिंकी, नैना, प्रियंका, कपिल कुमार शर्मा और ललित कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के मोबाइल नंबर और बैंक खातों से जुड़ी कम से कम पांच शिकायतें पहले से राष्ट्रीय अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि गिरोह ने कई और बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।