दिल्ली के जहांगीरपुरी में रिक्शा चालक की हत्या कर शव नाले में फेंका, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के जहांगीरपुरी में 62 वर्षीय रिक्शा चालक की डंडे से पीटकर हत्या कर शव नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में बुधवार को 62 वर्षीय रिक्शा चालक की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान जहांगीरपुरी निवासी गोवर्धन के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि गोवर्धन और विकास (32) दोनों ने शराब पी रखी थी और तड़के लगभग चार बजे दोनों का किसी बात पर झगड़ा हुआ जिसके बाद विकास ने गोवर्धन पर कथित रूप से डंडे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि डंडा शव के पास ही मिला है।

पुलिस ने बताया कि सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अपराध और फोरेंसिक टीमों के साथ मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे लगता है कि पीड़ित को पीट-पीटकर मार डाला गया और उसके शव को नाले में फेंक दिया गया।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान आरोपी विकास को पकड़ लिया गया। मृतक के परिजनों के मुताबिक, गोवर्धन तड़के काम पर जाने के लिए घर से निकला था। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।