कॉकरोच जनता पार्टी संसद मार्च : शास्त्री भवन के निकट प्रदर्शनकारियों पर छोड़े गए आंसू गैस के गोले

दिल्ली में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तनाव बढ़ा। शास्त्री भवन के पास बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर आंसू गैस छोड़ी गई, सुरक्षा बढ़ाई गई।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के संसद मार्च में सोमवार को शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाने की कोशिश में कई प्रदर्शनकारियों ने शास्त्री भवन के पास सुरक्षा अवरोधकों को तोड़ने की कोशिश की जिसके बाद सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। सूत्रों ने यह जानकारी दी। यह कार्रवाई उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में तनाव बढ़ने के बीच हुई। एहतियात के तौर पर जनपथ, पटेल चौक, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों में प्रवेश पर रोक लगाए जाने और निकास गेट बंद किए जाने के कारण कई यात्री मेट्रो स्टेशनों के अंदर ही फंसे रहे। सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को रोकने के लिए मध्य दिल्ली में भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नयी दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था दोगुनी कर दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियों तथा आस-पास के जिलों के पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि हालात को देखते हुए पहले से तैयार रखी गए अर्द्धसैनिक बलों की कई कंपनियों को भी तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस के जवानों को आस-पास के जिलों से लाकर अहम चौराहों, संवेदनशील जगहों और सरकारी इमारतों के आस-पास तैनात किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि संयुक्त पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर रख रहे हैं और कई वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा इंतजामों की देखरेख के लिए सड़कों पर मौजूद हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘आवाजाही को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में घुसने से रोकने के लिए अहम जगहों पर बहुस्तरीय अवरोध लगाए गए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मुख्य मकसद कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। सभी वरिष्ठ अधिकारी हालात पर लगातार नजर रखने के लिए सड़कों पर मौजूद हैं। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और जरूरत पड़ने पर अर्द्धसैनिक बल की अतिरिक्त कंपनियों को भी बुलाया गया है।’’ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने नयी दिल्ली में कई जगहों पर अवरोधक लगाए हैं, जिनमें कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, भारतीय प्रेस क्लब, संसद के पास का क्षेत्र, संसद मार्ग, शंकर रोड, जंतर-मंतर और दिल्ली में प्रवेश के कई अन्य रास्ते शामिल हैं। सूत्र ने कहा, ‘‘किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।