दिल्ली में बाल यौन शोषण सामग्री के मामले में की गई कार्रवाई के तहत 10 लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने बाल यौन शोषण सामग्री के ऑनलाइन प्रसारण, डाउनलोड और प्रसार के खिलाफ अभियान चलाकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। डिजिटल उपकरण जब्त कर जांच तेज कर दी गई।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने बाल यौन शोषण सामग्री के ऑनलाइन प्रसारण, डाउनलोड, संग्रह और प्रसार के खिलाफ समन्वित अभियान चलाकर 10 लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले पांच दिनों के दौरान अंतरराष्ट्रीय साइबर ‘टिपलाइन’ से मिली सूचनाओं और तकनीकी विश्लेषण में बाल यौन शोषण सामग्री से जुड़ी कथित ऑनलाइन गतिविधियों के संकेत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
अंतरराष्ट्रीय साइबर टिपलाइन ऐसी व्यवस्था है जिसके जरिए इंटरनेट पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी संदिग्ध सामग्री या गतिविधियों की जानकारी कानून प्रवर्तन एजेंसियों तक पहुंचाई जाती है।
पुलिस ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और डिजिटल जांच के आधार पर पुलिस टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की, जिसके बाद आईपी एस्टेट, पहाड़गंज, जामा मस्जिद, कमला मार्केट, पटेल नगर और चांदनी महल समेत विभिन्न थानों में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 10 प्राथमिकियां दर्ज की गईं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बाल यौन शोषण सामग्री को ऑनलाइन अपलोड करने और प्रसारित करने में कथित तौर पर शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, जांच जारी होने के कारण उनकी पहचान उजागर नहीं की गई।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर इन अपराधों में किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, इन उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। जांचकर्ता जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य डिजिटल सुरागों का विश्लेषण कर रहे हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बताया कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Share This Article