
नई दिल्ली : दिल्ली में एक स्लीपर बस के अंदर चालक और परिचालक ने एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि 12 मई को हुई इस घटना के संबंध में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक सूत्र ने कहा कि महिला के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है।
शिकायत के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि दो पुरुषों ने बस के अंदर उसके साथ बलात्कार किया। यह घटना सोमवार रात दिल्ली के रानी बाग इलाके में घटी। पीतमपुरा की एक झुग्गी बस्ती में रहने वाली पीड़िता मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया वाहन जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है और सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
11 मई को क्या हुआ था?
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 11 मई की रात को महिला काम के बाद घर लौट रही थी। तभी सरस्वती विहार के बस स्टॉप पर एक स्लीपर बस आकर रुकी। महिला ने कथित तौर पर बस के दरवाजे पर खड़े एक व्यक्ति से समय पूछा। जिसके बाद शख्स ने महिला को जबरन बस के अंदर बैठ दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिर बस को नांगलोई की तरफ ले गया। जहां आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस के अनुसार, महिला विवाहित है और उसके तीन बच्चे हैं। मेडिकल रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्ज की गई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

