
Deoghar News: देवघर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। गुरुवार को नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल श्रीवास्तव, विजय चौहान उर्फ विजय गुप्ता और गौरव कुमार झा उर्फ मोंटी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, टावर चौक के पास एक स्कूल परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम और सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
वहीं, एसडीपीओ अशोक कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी से अनभिज्ञता जताई है और कहा कि इसके लिए एसपी कार्यालय से जानकारी ली जा सकती है। दूसरी ओर, एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि चेकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से भाग रहे युवकों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें अवैध हथियार बरामद हुआ। इसके बाद कानूनी कार्रवाई की गई।

