
देवघर: देवघर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही रोक दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक किसी व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम सक्रिय हुई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई।
शनिवार को नगर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक शंकर कुमार रजक को जानकारी मिली कि सफेद रंग की एक फॉर्च्यूनर कार (नंबर JH15-AP-5093) में सवार कुछ लोग हथियार के साथ रेलवे स्टेशन से रंगा मोड़ होते हुए भुरभुरा मोड़ की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
इसके बाद गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार को पकड़ लिया। जांच के दौरान एक अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेश कुमार दास, अरविंद कुमार दास, गोलू पासी, लल्ला झा और रोहन तुरी के रूप में हुई है। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

