मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह सफर समर्पण, विकास और मानव कल्याण के लिए किए गए कार्यों से परिपूर्ण रहा है। फडणवीस ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्ष के दौरान भारत और उसकी अर्थव्यवस्था ‘‘नाजुक पांच अर्थव्यवस्थाओं’’ से निकलकर दुनिया की ‘‘शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं’’ में शामिल हो गई।

मोदी सात अक्टूबर 2001 से लगातार प्रशासन प्रमुख के पदों पर रहे हैं। वह पहले तीन कार्यकाल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और इसके बाद लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बने। फडणवीस ने कहा, ‘‘ये 25 वर्ष समर्पण, विकास, मानव कल्याण और भारत को नये क्षितिज की ओर ले जाने के वर्ष रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
फडणवीस ने कहा, ‘‘आज उन्होंने एक बार फिर हमें 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दिया है। हमने ‘हम करके रहेंगे’ का नारा अपनाया है।’’ फडणवीस ने महाराष्ट्र की ओर से मोदी को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्ष में देश को समर्पित नेतृत्व दिया है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ जारी रहेगी। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। फडणवीस ने कहा, ‘‘हम 2047 तक विकसित भारत बनाएंगे। हम करके रहेंगे।’’


