जमशेदपुर: शहर में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद गुरुवार को झारखंड की DGP तदाशा मिश्रा जमशेदपुर पहुंचीं। उन्होंने सीएच क्षेत्र स्थित एसएसपी एहतेशाम वकारिब के आवास पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।

बैठक में जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था, हाल की आपराधिक घटनाओं और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डीजीपी ने शहर में हाल के प्रमुख आपराधिक मामलों की जांच और अब तक हुई पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली।
खास तौर पर कैनरा बैंक डकैती और मरीन ड्राइव स्थित उडुपी होटल में हुए गोलीकांड की जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से दोनों मामलों में अब तक की कार्रवाई, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी तथा आगे की जांच को लेकर जानकारी ली गई।
डीजीपी ने अधिकारियों को लंबित मामलों में तेजी लाने, अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिस कार्रवाई पर जोर देने के निर्देश दिए। बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने को लेकर भी चर्चा हुई।


