धनबाद की बेटी अनंदिता किशोर का जलवा! महज 20 साल में बनीं झारखंड सीनियर महिला क्रिकेट टीम की सबसे युवा कप्तान

धनबाद की अनंदिता किशोर महज 20 साल की उम्र में झारखंड सीनियर महिला क्रिकेट टीम की सबसे युवा कप्तान बनीं। वह पुणे में राष्ट्रीय टी-20 टूर्नामेंट में टीम की कमान संभालेंगी।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : कोयलांचल की बेटी अनंदिता किशोर ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महज 20 साल की उम्र में अनंदिता को झारखंड सीनियर महिला क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने उन्हें तीनों फॉर्मेट की कमान सौंपकर उन पर भरोसा जताया है। इस जिम्मेदारी के साथ ही अनंदिता झारखंड सीनियर महिला क्रिकेट टीम की सबसे कम उम्र की कप्तान बन गई हैं।
अनंदिता की यह उपलब्धि न सिर्फ धनबाद, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। कम उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना उनके शानदार प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता और क्रिकेट के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
अंडर-19 और अंडर-23 टीमों की भी कर चुकी हैं

कप्तानअनंदिता किशोर के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी नई नहीं है। इससे पहले वह झारखंड की अंडर-19 और अंडर-23 टीमों का नेतृत्व कर चुकी हैं। जूनियर स्तर पर अपने नेतृत्व का अनुभव दिखाने के बाद अब उन्हें सीनियर टीम की कमान सौंपी गई है। उनके सामने टीम को बेहतर प्रदर्शन कराने और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करने की चुनौती होगी।
विश्व कप विजेता भारतीय टीम का भी रह चुकी हैं हिस्सा–
अनंदिता किशोर की उपलब्धियों में एक और बड़ी कामयाबी जुड़ी है। वह वर्ष 2025 में आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय चैंपियन टीम की सदस्य रह चुकी हैं। विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा बनने के बाद अब झारखंड की सीनियर टीम की कप्तानी मिलना उनके क्रिकेट करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

पुणे में नेशनल टी-20 टूर्नामेंट में संभालेंगी कमान अनंदिता किशोर की कप्तानी में झारखंड की 17 सदस्यीय महिला टीम पुणे में आयोजित होने वाले बीसीसीआई सीनियर महिला नेशनल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। इस प्रतियोगिता में टीम का प्रदर्शन अनंदिता की कप्तानी और नेतृत्व क्षमता के लिए अहम होगा।

अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस युवा कप्तान पर टिकी हैं। धनबाद की इस बेटी से उम्मीद की जा रही है कि वह अपने अनुभव, आत्मविश्वास और खेल कौशल के दम पर झारखंड टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सफल होंगी।
20 साल की उम्र में झारखंड की सीनियर महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी हासिल कर अनंदिता किशोर ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उनकी यह सफलता झारखंड की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा है।

Share This Article