पलामू: पलामू प्रमंडल के रेल यात्रियों के लिए लंबे इंतजार के बाद खुशखबरी आई है। अब डाल्टनगंज और आसपास के स्टेशनों से राजस्थान की राजधानी जयपुर तक पहुंचना आसान होगा। संतरागाछी से खातीपुरा (जयपुर) के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन का परिचालन 26 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है।

इस ट्रेन के शुरू होने से पलामू प्रमंडल के यात्रियों को जयपुर जाने के लिए दूसरे शहरों से ट्रेन पकड़ने की परेशानी से राहत मिलेगी। लंबे समय से इस रेल सुविधा की मांग कर रहे यात्रियों के लिए इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने मई 2026 में इस ट्रेन को चलाने की घोषणा की थी।
हालांकि, विभिन्न रेलवे जोन के स्टेशनों पर समय-सारणी तय करने में देरी के कारण इसका परिचालन शुरू नहीं हो पाया था। अब परिचालन की तारीख तय होने के बाद यात्रियों की उम्मीदें पूरी होने जा रही हैं। यह ट्रेन पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश को राजस्थान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


