झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ और रांची जिला ऑटो चालक यूनियन की संयुक्त बैठक 25 को, कई मुद्दों पर होगी चर्चा

रांची में ऑटो चालकों की समस्याओं को लेकर 25 अक्टूबर को महासंघ की बैठक होगी। परमिट, मनमाने जुर्माने, बीमा और ट्रैफिक जाम पर चर्चा के बाद आंदोलन की रणनीति बनेगी।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ और रांची जिला ऑटो चालक यूनियन की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आगामी 25 अक्टूबर को लाइन टैंक रोड स्थित ड्यूक मेंशन कार्यालय में होगी। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है। इस बैठक में मुख्य रूप से ऑटो चालकों की समस्याओं और उनके अधिकारों से जुड़े चार प्रमुख एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय होगी।

पूरे रांची शहर में परिचालन करने वाले ऑटो चालकों के चलते हुए ऑटो पर मनमाने तरीके से फाइन काटे जा रहे हैं, जिससे सभी चालक और वाहन मालिक काफी परेशान व ग्रस्त हैं। इस गंभीर मुद्दे पर ठोस रणनीति बनाई जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा रांची शहर में सीएनजी ऑटो के लिए 5000 परमिट जारी करने का आदेश दिया गया था। पूर्व में रांची डीटीओ, यातायात एसपी, महासंघ-चालक संघ और ई-रिक्शा संघ के प्रतिनिधियों की बैठक में यह तय हुआ था कि जल्द से जल्द 4 जोन में परमिट जारी किए जाएंगे। लेकिन, जिला प्रशासन द्वारा न तो दोबारा बैठक की गई और न ही परमिट निर्गत किए गए। इस पर गंभीर मंथन किया जाएगा।

कई ऑटो चालकों को यह जानकारी नहीं होती है कि उनके बैंक खातों से किस तरह पैसे काटे जाते हैं और खाताधारक (महिला या पुरुष) का किस प्रकार बीमा किया जाता है। भारत सरकार के नियमानुसार गरीब चालकों के लिए तय बीमा नियमों की पूरी प्रक्रिया पर चर्चा कर ऑटो चालकों व मालिकों को जागरूक किया जाएगा। महासंघ के संचालन तथा रांची शहर में ऑटो चालक मालिकों से सहयोग राशि प्राप्त न होने के कारण चालकों के कार्यों में आ रही बाधाओं पर चर्चा होगी। इसके साथ ही, जिला प्रशासन के साथ बैठक कर सहयोग राशि उठाने और रांची शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों को जाममुक्त बनाकर ऑटो का सुगम परिचालन सुनिश्चित करने पर विचार किया जाएगा।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने स्पष्ट किया है कि इन सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के बाद झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ और रांची जिला ऑटो चालक यूनियन के मुखिया दिनेश सोनी एवं अर्जुन यादव के नेतृत्व में आगामी धरना-प्रदर्शन और आंदोलन को लेकर कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।